16/02/2026

पूर्व में कार्यरत कर्मचारियों को कंपनी में किया जाएगा समायोजित

सूत्रीय मांगों पर एसईसीएल प्रबंधन ने दी लिखित सहमति, घेराव आंदोलन स्थगित

सराईपाली खदान के अधिकारियों के साथ कोयला मजदूर पंचायत की बैठक, तीन घंटे तक चर्चा में मिला सकारात्मक आश्वासन
कोरबा। एसईसीएल कोरबा एरिया के सराईपाली खदान में नियोजित नई कंपनी में पुराने कामगारों का समायोजन, खदान प्रभावितों को रोजगार व गांवों में पेयजल सुविधा सहित 6 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रबंधन के साथ तीन घंटे तक वार्ता हुई। प्रबंधन के साथ हुई सकारात्मक चर्चा और लिखित सहमति के बाद बाद कोयला मजदूर पंचायत (एचएमएस) ने 22 अगस्त को कोरबा एरिया महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव का आंदोलन स्थगित कर दिया है।
मांगों को लेकर सराईपाली खदान प्रबंधन के साथ बैठक हुई। इसमें प्रबंधन की ओर से बैठक में सब एरिया मैनेजर पीके सिंह, आरएन पाढ़ी प्रबंधक मानव संसाधन रमेश कुमार दुबे,अजय कुमार डिप्टी मैनेजर अंबिका प्रोजेक्ट , कोयला मजदूर पंचायत एचएमएस के केंद्रीय उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह, केंद्रीय सचिव संजय कुमार सिंह, सत्येंद्र आयाम, सत्यनारायण मरावी,राजेंद्र सिदार,रामनारायण जायसवाल,श्याम पटेल उपस्थित रहे। कोयला मजदूर पंचायत ने खदान से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावितों को कंपनी में रोजगार का अवसर दिए जाने की मांग रखी, इस पर प्रबंधन के अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि योग्य भू-विस्थापितों को कार्य की आवश्यकता के अनुसार ठेकेदार के माध्यम से रोजगार प्रदान किया जाएगा। इसी तरह कंपनी में पूर्व में कार्यरत सभी चालकों, आउटसोर्सिंग मजदूरों और ऑपरेटरों को नई कंपनी में काम देने की मांग की गई। इसे लेकर अधिकारियों ने बताया कि उप-क्षेत्रीय प्रबंधक की ओर से इस संबंध में ठेका कंपनी को निर्देशित कर कार्य की आवश्यकता अनुसार सबसे पहले पूर्व में कार्यरत ठेका कर्मचारियों को समायोजित करने के लिए कहा गया है।
नियमित अंतराल में होगा स्वास्थ्य कैंप का आयोजन
तालापार ग्राम के किसानों की खेतों पर खदान का कीचडयुक्त पानी निकासी से होने वाली परेशानी और किसानों को होने वाले नुकसान से प्रबंधन को अवगत कराते हुए क्षतिपूर्ति की मांग की गई। इस मांग पर प्रबंधन ने कहा है कि तालापार के ग्रामीणों के सहयोग से इस समस्या का स्थाई समाधान किया जाएगाा। इसी तरह प्रबंधन ने प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित खदान क्षेत्रों में नियमित अंतराल में स्वास्थ्य कैप आयोजित करने की मांग पर प्रबंधन ने सहमति जताई है। महिलाओं के अर्थिक विकास के लिए कौशल प्रशिक्षण के आयोजन की मांग पर प्रबंधन के अधिकारियों ने कहा कि समय-समय पर इसका आयोजन होता है। जल्द ही तीन मिनी राइस मिल का वितरण ग्रामीणों के मध्य किया जाएगा।

पेयजल की समस्या दूर करने टैंकर से पानी आपूर्ति
इसी तरह खदान प्रभावित क्षेत्र राहाडीह, तालापार,ढुकुपथरा, दमिया में पेयजल आपूर्ति के स्थाई समाधान के लिए बोर खनन और अस्थाई रूप से टैंकर से पानी आपूर्ति की मांग की गई। प्रबंधन ने कहा कि गांवों में टैंकर से पानी आपूर्ति किया जा रहा है। संगठन की मांगों को लेकर प्रबंधन के साथ हुई सकारात्मक चर्चा के बाद कोयला मजदूर पंचायत ने 22 अगस्त को प्रस्तावित कुसमुंडा महाप्रबंधक कार्यालय घेराव का आंदोलन स्थगित कर दिया है।