Uncategorized

जिला पंचायत भवन परिसर में निकला कोबरा, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़ा

कोरबा। जिला पंचायत भवन परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परिसर में एक जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया, वहां मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों में दहशत फैल गई। कुछ देर के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे और सुरक्षित स्थानों पर चले गए। इसकी सूचना तुरंत आरसीआरएस रेस्क्यू टीम के प्रमुख अविनाश यादव को दी गई। सूचना मिलते ही अविनाश यादव अपनी टीम के सदस्य मानस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कुछ ही देर में कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। इस दौरान रेस्क्यू टीम ने इस बात का पूरा ध्यान रखा कि न तो किसी व्यक्ति को कोई नुकसान पहुंचे और न ही सांप को कोई चोट आए।
कोबरा के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद परिसर में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद वन्यजीव संरक्षण के नियमों का पालन करते हुए रेस्क्यू टीम ने कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास, जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।
रेस्क्यू टीम के प्रमुख अविनाश यादव ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी सांप या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो घबराएं नहीं और उसे पकड़ने या मारने की कोशिश बिल्कुल न करें। ऐसा करना खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में तुरंत रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें। प्रशिक्षित टीम मौके पर पहुंचकर वन्यजीव का सुरक्षित रेस्क्यू करेगी और जरूरत पड़ने पर उसे जंगल में छोड़ देगी।
रेस्क्यू टीम ने कहा कि बारिश के मौसम में सांप अक्सर अपने बिलों से निकलकर रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं। ऐसे समय लोगों को सतर्क रहने के साथ-साथ वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति भी जागरूक रहने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *