कटघोरा और पोड़ी उपरोड़ा में उर्वरक-कीटनाशक दुकानों का औचक निरीक्षण

अनियमितता मिलने पर कई विक्रेताओं को नोटिस, महेश राम कृषि केंद्र में कीटनाशक बिक्री पर तत्काल रोक

कोरबा, 5 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर किसानों को अच्छी गुणवत्ता के उर्वरक और कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने जांच अभियान शुरू किया है। इसी के तहत जिला स्तरीय निरीक्षण दल ने शुक्रवार को कटघोरा और पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में उर्वरक व कीटनाशक बेचने वाली दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों में खाद और कीटनाशकों के स्टॉक, कीमतों की सूची, बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड, लाइसेंस और भंडारण व्यवस्था की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों में जरूरी दस्तावेजों और व्यवस्था से जुड़ी कमियां सामने आईं। इन मामलों में कृषि विभाग ने संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित दर पर ही कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जाए और स्टॉक व बिक्री का पूरा रिकॉर्ड नियमानुसार रखा जाए।

सर्वमंगला खाद भंडार समेत कई दुकानों को नोटिस

जांच के दौरान बाकी मोगरा स्थित सर्वमंगला खाद भंडार में अनियमितताएं पाए जाने पर संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनसे कमियों को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसी तरह पोड़ी उपरोड़ा के कसनियां क्षेत्र में सोनी कृषि केंद्र, शिव बीज भंडार और अंसारी कृषि केंद्र में भी निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां मिलीं। इन दुकानदारों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

दो दिन में सुधार नहीं किया तो लाइसेंस होगा निरस्त

सोनी कृषि केंद्र, शिव बीज भंडार और अंसारी कृषि केंद्र के संचालकों को निरीक्षण में सामने आई कमियों को दो कार्यदिवस के भीतर दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि तय समय में कमियों को दूर नहीं किया गया तो संबंधित दुकानों के बिक्री लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

महेश राम कृषि केंद्र में कीटनाशक बिक्री पर रोक

रंजना स्थित महेश राम कृषि केंद्र में निरीक्षण के दौरान मिली खामियों को विभाग ने गंभीरता से लिया है। यहां से कीटनाशकों की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। इसके अलावा रंजना के ही राजू कृषि केंद्र में भी उर्वरक और कीटनाशकों के स्टॉक के साथ बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद और कीटनाशकों की कालाबाजारी, अधिक कीमत पर बिक्री, नियमों के विपरीत बिक्री या अमानक कृषि सामग्री बेचने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। कृषि विभाग ने सभी कृषि आदान विक्रेताओं को स्टॉक और बिक्री का रिकॉर्ड सही तरीके से रखने, निर्धारित कीमत पर ही सामग्री बेचने और किसानों को कृषि उत्पादों के संबंध में जरूरी जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए दुकानों का निरीक्षण आगे भी लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *