उत्पादन कंपनी के एमडी से मिला संघ,पदोन्नत्ति व भर्ती का आश्वासन
एचटीपीएस में संगठन ने कर्मचारियों के मुद्दों को एमडी के समक्ष रखा
कोरबा। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एसके कटियार के शुक्रवार को कोरबा पश्चिम स्थित हसदेव ताप विद्युत गृह पहुंचने पर भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन कर्मचारी संघ ने उनसे मुलाकात की। इस दौरान संगठन ने कर्मचारियों की पदोन्नति सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2004 के न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों की पदोन्नति किए जाने से अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। इसके लिए संगठन ने प्रबंध निदेशक का आभार व्यक्त किया। बैठक के दौरान एमडी एसके कटियार ने संगठन को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में करीब 500 तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। इसके अलावा पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती और फायर एवं सुरक्षा विभाग में रिक्त पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए संगठन को मुख्यालय डगनिया (रायपुर) आने का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों पर संगठन के प्रतिनिधि कभी भी उनसे मिलकर चर्चा कर सकते हैं।इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय मंत्री राधेश्याम जायसवाल, पूर्णिमा साहू, सीएस दुबे, केदारनाथ राठौर, केएन यादव, सीएल ठाकुर, हेतराम खूंटे, जीपी राजवाड़े, सुभाष वर्मा, विश्वास पटेल, महेश गौतम, रमेश साहू, संदीप राठौर, अमर सिंह राठौर, पवन ठाकुर, सिद्धार्थ पांडेय सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
