एनसीएल के सीएमडी पद के लिए एसईसीएल के एन फ्रैंकलिन जयकुमार का चयन
कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के निदेशक (तकनीकी-ऑपरेशंस) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर (सीएमडी) पद के लिए चुना गया है। सार्वजनिक उपक्रम चयन बोर्ड (पीईएसबी) ने 8 जुलाई को हुई चयन प्रक्रिया के बाद उनके नाम की सिफारिश की। इस पद के लिए कुल 11 वरिष्ठ अधिकारी दावेदार थे। जानकारी के मुताबिक, जयकुमार को खनन क्षेत्र में 30 साल से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने भूमिगत और ओपनकास्ट दोनों तरह की कोयला खदानों में काम किया है और कई बड़ी परियोजनाओं का सफल नेतृत्व किया है।
उन्होंने अन्ना यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गिंडी से माइनिंग इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इसके अलावा पर्यावरण प्रबंधन और मानव संसाधन प्रबंधन (एमबीए-एचआर) की भी पढ़ाई की है। वे फर्स्ट क्लास माइन मैनेजर सर्टिफिकेट धारक और इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के फेलो हैं। एसईसीएल में आने से पहले वे एनसीएल में कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वहीं सिंगरेनी कोलियरी कंपनी लिमिटेड में करीब 18 साल तक विभिन्न पदों पर काम किया। इस दौरान उन्होंने इंडोनेशिया की कोयला खदानों के संचालन के साथ कई बड़े लिग्नाइट और खनन प्रोजेक्ट्स का नेतृत्व भी किया। खनन कार्यों के अलावा उन्होंने खदान सुरक्षा, कर्मचारियों के कौशल विकास और आपदा प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों में भी योगदान दिया है।
