कोरबा में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, मंत्री लखनलाल देवांगन ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दो बूंद
1 लाख 72 हजार 423 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य
कोरबा। जिले में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम, आबकारी तथा सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने रानी धनराज कुंवर शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर की। इस दौरान महापौर संजू देवी राजपूत, पार्षद नरेन्द्र देवांगन, पार्षद रूबी सागर सहित जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंत्री देवांगन ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद पिलाना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रहे। जिले में इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 72 हजार 423 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1578 पल्स पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां स्वास्थ्य विभाग की प्रशिक्षित टीमें बच्चों को दवा पिला रही हैं। साथ ही गांवों, पारा-मोहल्लों, वार्डों, बाजारों, चौक-चौराहों और हाट-बाजारों में भी विशेष व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की शत-प्रतिशत सफलता के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। बूथ पर दवा पीने से छूट जाने वाले बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में देश और प्रदेश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान महापौर संजू देवी राजपूत, पार्षद नरेन्द्र देवांगन और प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र जायसवाल ने भी अभिभावकों से अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने की अपील की। इस अवसर पर मंत्री ने नवजात शिशुओं सहित पांच वर्ष तक के बच्चों को स्वयं पोलियो की खुराक पिलाई तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डीएमएफ मद से शेड और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
