रोजगार की मांग को लेकर गेवरा में विरोध प्रदर्शन
कोरबा। एसईसीएल की गेवरा क्षेत्र में काम कर रही एक ठेका कंपनी के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों व युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। कंपनी में वैकल्पिक रोजगार और स्थानीय लोगों को नौकरी में प्राथमिकता देने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कंपनी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए काम भी प्रभावित रहा। बाद में प्रबंधन की समझाइश और बैठक के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से क्षेत्र के ग्रामीण और बेरोजगार युवा स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिलने को लेकर नाराज चल हैं। उनका आरोप है कि गेवरा क्षेत्र के प्रभावित गांवों के युवाओं को नजरअंदाज कर बाहरी लोगों को रोजगार दिया जा रहा है। इसी बात को लेकर युवाओं और ग्रामीणों ने कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण कंपनी के कार्यस्थल के पास पहुंच गए और रोजगार में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की मांग करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि जिन गांवों की जमीन और संसाधनों का उपयोग परियोजना के लिए किया जा रहा है, वहां के लोगों को ही सबसे पहले रोजगार मिलना चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं में नाराजगी बढ़ रही है।
इस आंदोलन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी युवाओं का समर्थन किया। जिला पंचायत सदस्य विनोद कुमार यादव और सुजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार दिलाना कंपनी और प्रबंधन की जिम्मेदारी है। स्थानीय बेरोजगारों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रदर्शन कर रहे लोगों के अनुसार कि कंपनी में काम कर रहे मजदूरों के साथ शोषण किया जा रहा है। उन्होंने मजदूरों के हितों की सुरक्षा और रोजगार प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई। युवाओं का कहना था कि अगर क्षेत्र के लोगों को रोजगार नहीं मिला तो आगे भी आंदोलन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए कंपनी का काम भी प्रभावित रहा।
0 बॉक्स
सोमवार बैठक कर चर्चा का दिया आश्वासन
प्रदर्शनकारियों के अनुसार एसईसीएल गेवरा प्रबंधन और पीएनसी कंपनी के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। अधिकारियों की ओर से सोमवार को बैठक आयोजित कर सभी मांगों और समस्याओं पर चर्चा करने तथा समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। जिला पंचायत सदस्य विनोद कुमार यादव ने कहा कि गेवरा क्षेत्र के प्रभावित गांवों के युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता मिलनी ही चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के हक और अधिकार के लिए लगातार आवाज उठाई जाएगी। यदि युवाओं की मांगों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में फिर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, बेरोजगार युवा और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ
