16/02/2026

बीएमएस ने कहा,जीएसटी संशोधन से आम जनता को राहत की उम्मीद


कोरबा। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) ने केंद्र सरकार के जीएसटी संशोधन के निर्णय की सराहना की है और कहा है कि कि यह कदम आम जनता के जीवन को आसान बनाने और आवश्यक वस्तुओं के उपभोग पर बोझ घटाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।बीएमएस ने कहा कि पहले की जीएसटी व्यवस्था में आम लोगों की रोज़मर्रा की ज़रूरतों पर ज्यादा बोझ पड़ता था, लेकिन संशोधित व्यवस्था से बड़ा बदलाव आया है। नई प्रणाली का उद्देश्य आम जनता का खर्च कम करना और जरूरी वस्तुओं को अधिक सुलभ बनाना है।
संघ के अनुसार,श्रम-प्रधान उद्योगों और जीवनोपयोगी वस्तुओं जैसे खाने-पीने का सामान, सीमेंट, दवाइयां, स्वास्थ्य बीमा, शैक्षणिक सामग्री, कृषि उपकरण, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान पर कर में कमी की गई है। इसका सीधा फायदा मजदूर वर्ग, मध्यम वर्ग और सामान्य उपभोक्ताओं को मिलेगा। बीएमएस ने उद्योगपतियों, बीमा कंपनियों और निर्माताओं से अपेक्षा जताई है कि वे इन कर कटौतियों का लाभ आम जनता तक पहुंचाएं। भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री रविंद्र हिमते ने कहा कि यह कदम महंगाई की मार झेल रहे उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।