संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की बाइक पेट्रोलिंग, शराबखोरी और अड्डेबाजी पर की गई कार्यवाही
पुलिस टीम ने संकरी गलियों और अंदरूनी बस्तियों में बढ़ाई निगरानी
कोरबा। शहर में अपराधों पर नियंत्रण और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए कोरबा पुलिस ने सजग कोरबा-सतर्क कोरबा अभियान के तहत सघन बाइक पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार बाइक पेट्रोलिंग का उद्देश्य उन क्षेत्रों तक आसानी से पहुंचना है, जहां बड़े वाहन नहीं पहुंच पाते। बाइक के जरिए पुलिस टीम संकरी गलियों और अंदरूनी बस्तियों में लगातार गश्त कर रही है। साथ ही अड्डेबाजी करने वालों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की जा रही है।
अभियान के तहत थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र के डिगापुर, सिंगापुर और टीपी नगर चौक सहित थाना कोतवाली क्षेत्र के राताखार, रामसागरपारा, मोतीसागरपारा, पुरानी बस्ती, सीतामढ़ी, इमलीडुग्गू, रेलवे स्टेशन और संजय नगर समेत अन्य संवेदनशील इलाकों में पुलिस टीम ने भ्रमण किया। इस दौरान कई स्थानों पर लोगों से पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। वहीं एक व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। वाहन जांच के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर चलाए जा रहे वाहनों और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की पेट्रोलिंग और चेकिंग आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अड्डेबाजी या अवैध कार्य की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
